Ticker

6/recent/ticker-posts

डीएम ने भूमि विवादों का मौके पर कराया निस्तारण, अन्य भूमि विवादों को सुलझाने के दिए निर्देश...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉक्टर अमित पाल ने “टॉप-10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान” अभियान के तहत बुधवार को तहसील सिराथू के ग्राम कोखराज में आयोजित विशेष कैम्प का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा भूमि विवादों के निस्तारण की स्थिति का स्थलीय सत्यापन कर कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। कैम्प में जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से जुड़े दोनों पक्षों की बातें सुनीं और उपजिलाधिकारी योगेश कुमार गौड़ को मौके पर जाकर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने सचिव ग्राम पंचायत से कहा कि सरकारी भूमि को कार्ययोजना में शामिल कर शासकीय कार्यों और विकास परियोजनाओं के लिए उपयोग में लाया जाए। कैम्प में ग्रामीणों ने आवास, पेंशन और खराब पड़े हैंडपंपों की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने सचिव ग्राम पंचायत को निर्देशित किया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाया जाए तथा खराब हैंडपंपों को जल्द क्रियाशील कराया जाए।

शिकायतकर्ता मानिकचंद की शिकायत पर राजस्व एवं पुलिस टीम ने जांच में पाया कि भूमि विवाद से संबंधित धारा 116 का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। वहीं ग्राम की गाटा संख्या 1485 की पैमाइश कर सीमांकन कराया गया और चकरोड निर्माण के लिए ग्राम प्रधान एवं ग्राम विकास अधिकारी को भूमि सुपुर्द की गई।

इसी तरह शिकायतकर्ता मसूरियादीन की गाटा संख्या 77 से संबंधित शिकायत की जांच में मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन पाया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवादों के निस्तारण में पारदर्शिता और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

Post a Comment

0 Comments