Ticker

6/recent/ticker-posts

मंदर गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, तीन दिनों से था लापता...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मंदर गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बब्लू पुत्र रामचंद्र (35) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बब्लू पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था। बताया जा रहा है कि पुलिस को पावन गांव के समीप रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक घायल अवस्था में मिला था। युवक की हालत गंभीर होने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। पहचान न हो पाने के कारण अस्पताल में उसे अज्ञात मरीज के रूप में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और शव को अपने घर मंदर गांव ले आए। गांव में युवक की मौत के बाद मातम का माहौल है। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे रहे। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक छोटी बच्ची को छोड़ गया है। घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं गांव में चल रही हैं, लेकिन परिजन फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। न ही परिवार की ओर से स्थानीय थाने में किसी प्रकार की तहरीर दी गई है। पुलिस भी मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच की बात कह रही है।

पूरामुफ्ती थाना पुलिस का कहना है कि युवक रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में मिला था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। मामले में अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Post a Comment

0 Comments