रिपोर्ट-पुष्पेन्द्र सोनी
महोबा : कलेक्ट्रेट सभागार महोबा में पुलिस अधीक्षक महोबा की अध्यक्षता में राज्य कर विभाग एवं सर्राफा/बुलियन व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विदेशी मुद्रा भंडार पर वैश्विक दबाव, सोने के आयात में कमी तथा देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आगामी त्यौहार एवं विवाह सीजन को देखते हुए बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। बैठक में व्यापार में पारदर्शिता बनाए रखने, ग्राहकों को सही वजन एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखना व्यापारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में राज्य कर विभाग के अधिकारी, सर्राफा व्यापारी एवं बुलियन कारोबारी मौजूद रहे।
0 Comments