Ticker

6/recent/ticker-posts

स्विमिंग पूल में नहाने गए युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों में मचा कोहराम...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के मंगरोहनी मवाई गांव स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार बंधवा गांव निवासी अवधेश कुमार लोधी 20 पुत्र दुर्गा प्रसाद लोधी रविवार दोपहर अपने चार-पांच दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह पानी में गिर गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे आनन-फानन में एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता दुर्गा प्रसाद ने बताया कि उनका बेटा दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था। वहां उसकी अचानक तबीयत खराब हुई और उल्टियां होने लगीं। इसके बाद साथी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, जिस स्विमिंग पूल में युवक के डूबने की बात कही जा रही है, उसमें पानी की गहराई अधिक न होने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। ऐसे में युवक के साथ मौजूद दोस्तों की गतिविधियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Post a Comment

0 Comments