रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जिला मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय के पीछे खड़ी खराब और डैमेज एम्बुलेंस गाड़ियों में रविवार की शाम में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही सीएमओ कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय कुमार मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग तेजी से फैलती देख उन्होंने कर्मचारियों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। स्थिति गंभीर होती देख तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएमओ डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि सीएमओ कार्यालय के पीछे कई खराब और अनुपयोगी एम्बुलेंस गाड़ियां खड़ी थीं, जिन्हें नीलामी के लिए रखा गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने से कुछ गाड़ियों के टायर और आसपास का हिस्सा प्रभावित हुआ है। लेकिन समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आसपास पड़े सूखे पत्तों में किसी बच्चे या शरारती तत्व द्वारा आग लगा दी गई होगी।
सूखी पत्तियों में लगी आग धीरे-धीरे फैलते हुए एम्बुलेंस गाड़ियों तक पहुंच गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सीएमओ ने फायर ब्रिगेड टीम की त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। घटना के बाद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
0 Comments