Ticker

6/recent/ticker-posts

एम्बुलेंस-कार की भीषण टक्कर में मां-बेटे की मौत, पिता-बेटी गंभीर...

रिपोर्ट-संदीप कुमार 

कौशाम्बी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के सरसवां गांव के पास रविवार को एम्बुलेंस और कार की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में कार सवार मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ निवासी एक परिवार कार से किसी आवश्यक कार्य से जा रहा था। इसी दौरान सरसवां गांव के समीप सामने से आ रही एम्बुलेंस से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार महिला तथा उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल कार चालक पिता और उसकी बेटी को 108 एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

सूचना पर पहुंची महेवाघाट थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

हादसे से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़...

एक ही हादसे में मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments