Ticker

6/recent/ticker-posts

पुलिस मुठभेड़ में इनामी भैंस चोर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से हुआ घायल...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : जिले में भैंस चोरी की घटनाओं में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार मंझनपुर थाना क्षेत्र के बंधवा रजबर और भेलखा गांव में 29 और 30 अप्रैल की रात चार भैंसों एवं एक बच्चे की चोरी हुई थी। इस मामले में दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान पुलिस छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी गुड्डू उर्फ साहिल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली कि गुड्डू उर्फ साहिल एदिलपुर नहर के पास अपने साथियों का इंतजार कर रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ साहिल पुत्र तूफान अहमद निवासी रहीमपुर मौलानी, थाना करारी के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा 3310 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ बंधवा रजबर और भेलखा गांव से भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार चोरी की गई भैंसों को उन्नाव स्थित एक स्लॉटर हाउस में 30 हजार रुपये में बेच दिया गया था, जिसकी रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले में अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments