रिपोर्ट-अशीष विश्वकर्मा
महोबा : चरखारी ब्लॉक क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। रिवई चौकी क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से लूट की वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने महिला को रोककर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र और कमर से चांदी का कमरबंद छीन लिया तथा मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार उमरी गांव निवासी एक महिला सोमवार को अपने ससुराल बमरारा जा रही थी। वह रिवई नवीन गल्ला मंडी के पास पहुंची ही थी कि पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को डरा-धमकाकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र और कमर से चांदी का कमरबंद छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाश बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार थे। घटना चौकी क्षेत्र के नजदीक होने के बावजूद अपराधियों का आसानी से फरार हो जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अपराधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
0 Comments