Ticker

6/recent/ticker-posts

अवैध प्लाटिंग कर जमीन हड़पने की कोशिश, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती क्षेत्र के निवासी शरीफ अहमद ने अपनी पुश्तैनी भूमि पर अवैध कब्जा और प्लाटिंग किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्यवाही की मांग की है। पीड़ित ने जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर भूमि को कब्जामुक्त कराने की गुहार लगाई है। शिकायत के अनुसार, शरीफ अहमद पुत्र स्वर्गीय मिन्ना निवासी ग्राम बीका उर्फ पूरामुफ्ती (पुरानी बाजार) की पुश्तैनी भूमि आराजी संख्या 1209, रकबा 0.4570 हेक्टेयर, ग्राम कटहुला (गौरानगर), परगना तहसील सदर, थाना एयरपोर्ट क्षेत्र में स्थित है। पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय पूर्व उसकी जमीन पर ईंट के पिलर खड़े कर कब्जे का प्रयास किया गया था, जिसकी शिकायत थाना एयरपोर्ट में की गई थी। शिकायत के बाद पिलरों को हटवा दिया गया था।

पीड़ित का कहना है कि 3 जुलाई 2025 को जब वह पुनः अपनी भूमि पर पहुंचा तो वहां अवैध रूप से प्लाटिंग किए जाने के साथ ही एक पक्का मकान भी निर्मित पाया गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने अभद्रता की, फोटो खींची और धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, आरोपितों ने कथित रूप से कहा कि प्लाटिंग का कार्य भूमाफिया अनिल कुमार चतुर्वेदी के संरक्षण में हो रहा है तथा विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। शरीफ अहमद ने आरोप लगाया कि उनसे जमीन अपने पक्ष में रजिस्ट्री कराने का दबाव भी बनाया गया।

पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर भूमि पर हुए कथित अवैध कब्जे को हटाने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की है। फिलहाल मामले में प्रशासनिक जांच और कार्यवाही का इंतजार है। आरोपी पक्ष का बयान प्राप्त नहीं हो सका है।

Post a Comment

0 Comments