रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज कस्बे में रोडवेज बस चालक की कथित लापरवाही से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया कि बस से उतरने से पहले ही चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे युवती सड़क पर गिरकर घायल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, पिंकी देवी (18 वर्ष) पुत्री चंदा पटेल, निवासी बेचू का पुरवा, थाना सुल्तानपुर घोष, जनपद फतेहपुर, फतेहपुर डिपो की रोडवेज बस संख्या UP 78 KT 2279 से कानपुर से प्रयागराज की ओर यात्रा कर रही थीं। मूरतगंज कस्बे में उतरने के लिए बस रुकवाई गई, लेकिन आरोप है कि युवती के पूरी तरह उतरने से पहले ही चालक ने बस आगे बढ़ा दी। इससे वह सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई। वहीं, मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
0 Comments