रिपोर्ट-इंद्रजीत कुमार
कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के धमसेढ़ा गांव में एक महिला ने पड़ोसी पर उसके मासूम बेटे पर खुरपा से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई। अब महिला ने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। धमसेढ़ा निवासी फूलमती पत्नी धर्मवीर के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि गांव की लालती देवी ने बच्चे के सिर पर खुरपा से वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल बच्चा रोते हुए घर पहुंचा और घटना की जानकारी अपनी मां को दी। फूलमती का आरोप है कि जब वह बेटे को लेकर शिकायत करने लालती देवी के घर पहुंचीं तो वहां आरोपित पक्ष ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि "जो करना हो कर लो।" पीड़िता ने बताया कि उसने मामले की लिखित शिकायत चरवा थाने में दी थी। आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपितों के विरुद्ध कोई कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही डांट-फटकार कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
फिलहाल पीड़ित महिला ने उच्च पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
0 Comments