Ticker

6/recent/ticker-posts

फंदे से लटका मिला लड़की का शव, मौत से परिवार में मचा कोहराम...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 


कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के बलकमाऊ गांव में बुधवार शाम एक 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, बलकमाऊ गांव निवासी अविनाश पटवा की 17 वर्षीय पुत्री रिया कुमारी बुधवार शाम करीब 6:30 बजे घर के एक कमरे में चली गई। परिजनों के अनुसार, उसने चारपाई की रस्सी निकालकर कमरे में लगे कुंडे से फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। उस समय उसकी मां रसोई में खाना बना रही थीं। कुछ देर बाद जब वह कमरे में पहुंचीं तो बेटी का शव फंदे से लटका देख चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिंधिया पुलिस चौकी एवं कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतका के पिता अविनाश पटवा फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और घटना के समय घर से बाहर थे। पुलिस का कहना है कि किशोरी द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments