रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में प्रेमिका से मिलने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने युवती के परिजनों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के ओसा गांव निवासी शिव प्रसाद महुवा खाड़ा गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। आरोप है कि इस दौरान युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद युवती के परिजनों ने ही घटना की सूचना युवक के परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शिव प्रसाद को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि युवती का परिवार मृतक का रिश्तेदार भी है। मृतक के परिजनों ने युवती के परिजनों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) मंझनपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments