ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मादपुर में एक युवक के साथ मारपीट कर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। युवक के पिता रोहित ने थाना प्रभारी पूरामुफ्ती को प्रार्थना पत्र देकर बेटे को सकुशल बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पिता के अनुसार, घटना के बाद से उनका बेटा घर नहीं लौटा है, जिससे परिवार के लोग परेशान हैं। प्रार्थना पत्र के मुताबिक, कौशाम्बी जनपद के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजिहनी खालसा गांव निवासी रोहित का बेटा अंशू 22 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे अपने दोस्त नीरज के साथ किसी काम से मादपुर गया था। आरोप है कि वापसी के दौरान नीरज मादपुर में चाय की दुकान के पास रुका और समोसा खाने लगा। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ लोगों ने अंशू के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पिता का आरोप है कि सलीम, अतुल, साहिल, बंकू, अंशू पुत्र गुद्दू, श्रीराम विश्वकर्मा समेत चार-पांच अन्य लोगों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद भी नहीं लगा सुराग...
रोहित के मुताबिक, घटना के बाद से उनका बेटा घर नहीं पहुंचा है। उन्होंने संबंधित दुकान की सीसीटीवी फुटेज भी देखी, लेकिन बेटे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बेटे के साथ किसी अनहोनी की आशंका से परेशान पिता ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित ने थाना प्रभारी से बेटे की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने तथा नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और युवक की बरामदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
0 Comments