रिपोर्ट-प्रदीप कुमार
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज स्थित नाइट क्वीन परिसर में बुधवार को नवदुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चायल एसडीएम, संदीपन घाट थाना प्रभारी (SHO) तथा मूरतगंज चौकी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों ने नवदुर्गा पूजा के दौरान शासन-प्रशासन द्वारा जारी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि पूजा और विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की लड़ाई, विवाद अथवा उपद्रव नहीं होना चाहिए। सभी आयोजकों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की गई। मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे प्रतियोगिता आयोजित करने पर भी स्पष्ट रूप से रोक लगाई गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति डीजे कंपटीशन या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही विसर्जन जुलूस में किसी भी व्यक्ति के नशे की हालत में शामिल होने पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
प्रशासन ने पूजा समितियों और क्षेत्रीय लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
0 Comments