Ticker

6/recent/ticker-posts

मकर संक्रांति पर कराया गया खिचड़ी भोज, अम्बेडकर पाठशाला में हुआ आयोजन...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जनपद में चरखारी स्थित अंबेडकर पाठशाला शिक्षा सेवा फाउंडेशन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के तत्वावधान में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नि:शुल्क अंबेडकर पाठशाला, खंदिया चरखारी में एबीवीपी सेवार्थ विद्यार्थी अभियान के अंतर्गत संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के डायरेक्टर इन्द्र कुमार कुशवाहा ने की। इस अवसर पर एबीवीपी सेवार्थ विद्यार्थी प्रांत संयोजक पवन कुशवाहा ने मकर संक्रांति के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व सूर्य देव के धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करने पर मनाया जाता है। इसे देश के विभिन्न क्षेत्रों में मकर संक्रांति, उत्तरायण, पोंगल, माघी और खिचड़ी जैसे नामों से जाना जाता है। यह पर्व स्नान-दान और सूर्य उपासना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है तथा ऋतु परिवर्तन का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में संरक्षक महिपाल साहू, प्रबंधक रवि यादव, उपाध्यक्ष मनोज यादव, प्रचार-प्रसार प्रमुख अनिल प्रजापति, मोहित घोष, पाठशाला संचालक मनीष अहिरवार सहित अन्य अतिथि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर खिचड़ी ग्रहण की और कार्यक्रम का आनंद लिया। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं बच्चों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में लगभग आधा सैकड़ा छात्र-छात्राएं एवं बच्चे मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments