ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में बुधवार को कीडगंज थाना क्षेत्र के माधवापुर इलाके में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए चार महिलाओं और चार पुरुषों को हिरासत में लिया है। यह कार्यवाही किराये के एक मकान में लम्बे समय से देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिलने के बाद की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कीडगंज थाना प्रभारी को स्थानीय स्तर पर सूचना प्राप्त हुई थी कि माधवापुर क्षेत्र में स्थित एक मकान में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज को अवगत कराया। उनके निर्देशन में तत्काल एक टीम गठित की गई, जिसमें महिला पुलिस कर्मियों को भी शामिल किया गया। पुलिस टीम ने बुधवार को बताए गए पते पर दबिश दी। कार्यवाही के दौरान मकान के अंदर से चार महिलाएं और चार पुरुष पाए गए।
जिन्हें पूछताछ के लिए थाने लाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आठों व्यक्ति जनपद प्रयागराज के ही निवासी हैं। इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज ने बताया कि सूचना के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही की गई है। हिरासत में लिए गए सभी लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि देह व्यापार का संचालन किस स्तर पर और किन लोगों की संलिप्तता से किया जा रहा था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसमें किसी संगठित गिरोह की भूमिका तो नहीं है।
पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। अनैतिक देह व्यापार जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और सामाजिक माहौल बेहतर होगा।
0 Comments