Ticker

6/recent/ticker-posts

एसआरएन अस्पताल में मारपीट का वीडियो वायरल, लोगों ने कहा ये अक्सर होता रहता है...

रिपोर्ट-घनश्याम कुमार 

प्रयागराज :जनपद के जिला अस्पताल एसआरएन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग के कर्मचारी और कुछ तीमारदार आपस में मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कई लोग एक-दूसरे पर हाथापाई करते नजर आ रहे हैं, जिससे अस्पताल परिसर में अव्यवस्था की स्थिति बनती दिख रही है। हालांकि, मारपीट किस बात को लेकर हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ सका है। वीडियो वायरल होने के बावजूद इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज कराए जाने की सूचना नहीं मिली है। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से भी खबर लिखे जाने तक किसी प्रकार की कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एसआरएन अस्पताल में इस तरह के विवाद कोई नई बात नहीं हैं।

इससे पहले भी अस्पताल परिसर में कर्मचारियों, डॉक्टरों और तीमारदारों के बीच विवाद और मारपीट के वीडियो सामने आते रहे हैं। लोगों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते आए दिन ऐसे हालात बनते हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वायरल वीडियो में शामिल लोग कौन हैं और विवाद की असली वजह क्या रही, इस बारे में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी स्पष्ट जानकारी देने को तैयार नहीं है।

मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन की चुप्पी भी सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल, वीडियो के वायरल होने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच या कार्रवाई होती है या नहीं, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

Post a Comment

0 Comments