रिपोर्ट-वीरेन्द्र कुमार
कौशाम्बी : जनपद में रामनवमी के पावन अवसर पर जनपद के सिकंदरपुर बजहा स्थित श्री राम जानकी मंदिर में भव्य मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर को दुल्हन की तरह आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। दूर-दराज सहित क्षेत्रीय गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीराम व माता जानकी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। खासकर बच्चों के लिए सजाई गई खिलौनों की दुकानों पर काफी भीड़ रही। महिलाओं और युवाओं ने भी मेले में खरीदारी का आनंद उठाया। खानपान की दुकानों पर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई, जिससे मेले का उत्साह और बढ़ गया।
मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए थे। संदीपन घाट थाना अध्यक्ष अपने हमराहियों के साथ पूरे समय मेले में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पुलिस बल की सतर्कता के चलते मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का यह संगम क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का प्रतीक बना रहा। इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक भावनाओं को प्रबल किया, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश दिया।
0 Comments