रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में मंझनपुर तहसील के ब्लॉक बारा स्थित प्रभा नर्सिंग होम में एक महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर चक्का जाम कर जमकर हंगामा किया और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार, 6 मार्च को राम सेवक की 28 वर्षीय पत्नी सरिता देवी को प्रभा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनकी बच्चेदानी (यूटरस) का ऑपरेशन किया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती गई। हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रयागराज से शव वापस आने के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल के बाहर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सीओ कौशाम्बी जानेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि परिजनों ने इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभा नर्सिंग होम को सीज कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
0 Comments