Ticker

6/recent/ticker-posts

पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या, गौशाला में सोते समय हुई वारदात...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : जनपद में पिपरी थाना क्षेत्र के औधन गांव में शुक्रवार रात पूर्व प्रधान बादाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, बादाम सिंह वर्ष 2010 से 2015 तक गांव के प्रधान रहे थे। इन दिनों वह गांव के बाहर जंगल में निर्माणाधीन गौशाला में अपने साथी बुधराम के साथ ठहरे हुए थे। देर रात अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन्होंने बादाम सिंह की कनपटी पर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में उनके साथी बुधराम को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। घायल बुधराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द खुलासे की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments