Ticker

6/recent/ticker-posts

मैनापुर के कम्पोजिट विद्यालय का वार्षिकोत्सव संपन्न, मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : विकास खंड भगवतपुर के मैनापुर गांव स्थित कम्पोजिट विद्यालय में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस वर्ष एनएमएमएस (NMMS) परीक्षा में सफल हुए दो विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। वहीं, आश्रम पद्धति विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में मार्च माह में उत्तीर्ण हुए पांच छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, अटल आवासीय विद्यालय और एनएमएमएस परीक्षा में पूर्व में सफल रहे विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। गवर्नमेंट इंटर कॉलेज की प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक छात्र को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र गौरव रहा, जिसने ऑल इंडिया आईटी परीक्षा में 34वां स्थान तथा उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर गौरव एवं उनकी माता को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा कक्षा 1 से 8 तक में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एआरपी अखिलेश कुमार का ब्रह्मदेव सिंह द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया, जबकि एआरपी उपासना सिंह एवं प्रीति मैडम का स्वागत प्रधानाध्यापिका प्राची सक्सेना ने किया। समारोह के अंत में सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0 Comments