Ticker

6/recent/ticker-posts

भूमिहीन फरियादी की अनोखी गुहार, गले में लटकाए शिकायती पत्र लेकर पहुंचा तहसील...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : तहसील चायल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक भूमिहीन फरियादी अपने अनोखे अंदाज के चलते चर्चा का केंद्र बन गया। गले में कई शिकायती पत्र लटकाए फरियादी बार-बार प्रशासन से न्याय की गुहार लगाता नजर आया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। फरियादी ने जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा को बताया कि वह पिछले लगभग साढ़े तीन वर्षों से अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए कृषि योग्य भूमि के पट्टे की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक उसे कोई राहत नहीं मिल सकी है। उसने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी तरह भूमिहीन है और अत्यंत गरीबी में जीवन यापन कर रहा है। फरियादी ने प्रशासन से मांग की कि उसे कृषि कार्य और पशुपालन के लिए जमीन का पट्टा उपलब्ध कराया जाए, जिससे वह आत्मनिर्भर बन सके। उसके गले में लटके शिकायती पत्र उसकी लंबे समय से चली आ रही परेशानी को स्पष्ट रूप से दर्शा रहे थे।

जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उसे आश्वस्त किया कि उसकी शिकायत की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि फरियादी पात्र पाया जाता है, तो उसे सरकारी योजनाओं के तहत कृषि योग्य भूमि का पट्टा उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद फरियादी के चेहरे पर राहत की झलक देखने को मिली। वहीं, इस अनोखे तरीके ने वहां मौजूद अन्य लोगों को भी प्रभावित किया और प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का एक अलग संदेश दिया।

समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण, चिकित्सा अधिकारी संजय कुमार, एसडीएम अरुण कुमार, सीएचसी चायल प्रभारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments