रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज चौकी के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों प्रयागराज से इलाज कराकर अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। मिली जानकारी के अनुसार, लल्लू पुत्र स्वर्गीय सोमई निवासी गोपसहाई थाना मंझनपुर अपने पुत्र जितेंद्र के साथ बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वे मूरतगंज चौकी से करीब 100 मीटर पहले पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक समेत डिवाइडर से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मूरतगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
0 Comments