रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के तरनी गांव में घरेलू विवाद ने शुक्रवार रात भयावह रूप ले लिया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने भाइयों के साथ मिलकर पत्नी और दो मासूम बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। पीड़िता के अनुसार उसका पति दूसरी शादी करना चाहता है। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी पति अपने भाइयों के साथ मिलकर उस पर टूट पड़ा। आरोप है कि लाठी-डंडों से महिला और बच्चों को पीटा गया। इस दौरान मासूम बच्चा लगातार “पापा मत मारो” कहकर रोता रहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। मारपीट के बाद आरोपी महिला और बच्चों को आधी रात घर से बाहर निकालकर फरार हो गए। रातभर पीड़िता बच्चों को लेकर गांव में इधर-उधर भटकती रही। शनिवार सुबह वह सराय अकिल थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला अपनी आपबीती सुनाते हुए नजर आ रही है, जबकि बच्चों के शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों में भारी नाराजगी है। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्यवाही की मांग की है। सराय अकिल थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। महिला और बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
0 Comments