रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के बरई गांव में शुक्रवार रात खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। एक समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में 9 वर्षीय मासूम शोभित गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन बच्चे को लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार गांव में एक पारिवारिक समारोह चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोग खुशी में हवाई फायरिंग कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक चली एक गोली वहां मौजूद 9 वर्षीय शोभित के सीने में जा लगी। गोली लगते ही बच्चा जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सराय अकिल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और फायरिंग करने वाले लोगों की पहचान शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शादी और अन्य समारोहों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध हथियारों और हर्ष फायरिंग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी समारोह में फायरिंग न करें। क्योंकि यह न केवल गैरकानूनी है बल्कि किसी की जान भी ले सकती है।
0 Comments