रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के पोर काशीरामपुर गांव के बाहर स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और मजदूरों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक मजदूर ईंट भट्ठे पर काम करता था और वहीं झोपड़ी बनाकर रहता था। शुक्रवार सुबह जब अन्य मजदूर काम पर पहुंचे तो उन्होंने पेड़ से शव लटका देखा। इसके बाद मजदूरों ने शोर मचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महेवा घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों और साथी मजदूरों से पूछताछ की।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
0 Comments