Ticker

6/recent/ticker-posts

गंगा स्नान के दौरान किशोर की डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बदनपुर घाट पर शुक्रवार सुबह गंगा स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने किशोर को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार शोभना गांव निवासी कल्लू पुत्र मनीष शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बदनपुर घाट पर गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो मौके पर मौजूद पुलिस और गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। काफी प्रयास के बाद किशोर को गंगा से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी मूरतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संदीपन घाट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें। बच्चों को अकेले घाट पर न भेजें तथा गहरे पानी में जाने से बचें।

Post a Comment

0 Comments