रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जिले के कई ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। म्योहर, पुरखास, गोपसासा समेत विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में रात होते ही बिजली गुल हो जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली कटौती से ग्रामीणों की रातें जागकर गुजर रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि रात में कई-कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की ओर से हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जाता है। कभी 11 केवी लाइन में ब्रेकडाउन, कभी लाइन फॉल्ट तो कभी ओवरलोडिंग का हवाला देकर शिकायतों को टाल दिया जाता है।
लगातार हो रही अघोषित कटौती से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बिजली न रहने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है, वहीं बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार बेहतर बिजली व्यवस्था के दावे कर रही है, लेकिन गांवों में स्थिति इसके विपरीत है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
0 Comments