ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बिहका रोड पर बीती रात बाइक सवार चोरों ने एक ई-रिक्शा चोरी कर लिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद ई-रिक्शा मालिक ने थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार पूरामुफ्ती गांव निवासी मिथुन लाल पुत्र दिरगज प्रसाद ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर पर बिजली की व्यवस्था न होने के कारण वह रोज की तरह अपना ई-रिक्शा बिहका रोड स्थित पिंटू केसरवानी के घर के बाहर चार्जिंग के लिए खड़ा कर गए थे। बताया गया कि गुरूवार की रात करीब 8 बजे उन्होंने रिक्शा वहां खड़ा किया था। मिथुन लाल के मुताबिक उस समय पिंटू केसरवानी घर पर मौजूद नहीं थे। फोन पर उन्होंने कहा था कि वह थोड़ी देर में आकर रिक्शा घर के अंदर खड़ा कर लेंगे। लेकिन देर रात मौका पाकर बाइक से आए तीन चोरों ने ई-रिक्शा पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब ई-रिक्शा मालिक को चोरी की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर रात करीब 1:30 बजे तीन युवक बाइक से आते दिखाई दिए। फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हैं और मौका मिलते ही ई-रिक्शा लेकर फरार हो जाते हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
पीड़ित मिथुन लाल ने पूरामुफ्ती थाने में तहरीर देकर चोरी गए ई-रिक्शा की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है वहीं स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
0 Comments