रिपोर्ट-अषीष विश्वकर्मा
महोबा : जनपद महोबा की चरखारी थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली, तीन संदिग्ध ट्रैक्टर तथा अवैध असलहे बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक महोबा श्री शशांक सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। चरखारी थाना प्रभारी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश लंबे समय से क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की गई है, जबकि तीन अन्य संदिग्ध ट्रैक्टर भी जब्त किए गए हैं, जिनके संबंध में जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश इन हथियारों का इस्तेमाल वारदातों के दौरान करते थे।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और जिले में हुई चोरी की अन्य घटनाओं का खुलासा किया जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
0 Comments