Ticker

6/recent/ticker-posts

ट्यूबवेल ऑपरेटर को गोली मारकर आरोपी फरार, हालत बनी गंभीर...

रिपोर्ट-दिवेन्द्र कुमार 

कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के नन्ददौली का पुरवा गांव में ट्यूबवेल पर कार्यरत एक ऑपरेटर को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, नन्ददौली का पुरवा निवासी गुलाब रैदास ट्यूबवेल पर ऑपरेटर का कार्य कर रहा था। इसी दौरान गांव के मुजीम नामक व्यक्ति ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही गुलाब रैदास गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सराय अकिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों की भी गहन जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments