Ticker

6/recent/ticker-posts

संपूर्ण समाधान दिवस में 211 शिकायतें प्राप्त, मौके पर 10 का निस्तारण...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील कुलपहाड़ में मंडलायुक्त चित्रकूट धाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सूर्यकांत त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह मौजूद रहीं। तहसील कुलपहाड़ में कुल 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं तहसील महोबा में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर पंकज, पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह एवं उपजिलाधिकारी शिवध्यान पांडे उपस्थित रहे। तहसील चरखारी में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखबीर सिंह की अध्यक्षता तथा उपजिलाधिकारी धीरेन्द्र कुमार की उपस्थिति में आयोजित समाधान दिवस में 77 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण करने से पहले संबंधित फरियादी से वार्ता अवश्य की जाए। शिकायतकर्ता के असंतुष्ट होने पर निस्तारण को मान्य नहीं माना जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से इनकी नियमित समीक्षा और फीडबैक लिया जाता है। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
मंडलायुक्त ने चेतावनी दी कि शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।

यदि किसी स्तर पर फर्जी निस्तारण पाया गया तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लेखपालों को गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को पूर्व सूचना देने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त अजीत कुमार ने तहसील कुलपहाड़ परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

Post a Comment

0 Comments