Ticker

6/recent/ticker-posts

फर्जी निस्तारण पर होगी कार्यवाही, संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम की सख्त चेतावनी...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 


महोबा : जनपद महोबा की तहसील चरखारी में शनिवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखबीर सिंह एवं उपजिलाधिकारी चरखारी अवनीश कुमार तिवारी के साथ आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील चरखारी में कुल 77 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं तहसील महोबा में उपजिलाधिकारी शिवध्यान पांडे की अध्यक्षता में प्राप्त 35 शिकायतों में से 5 का तथा तहसील कुलपहाड़ में उपजिलाधिकारी आदेश सिंह सागर की अध्यक्षता में प्राप्त 80 शिकायतों में से 3 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण करने से पहले संबंधित फरियादी से संवाद अवश्य किया जाए।

यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित नहीं माना जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन स्तर से इन शिकायतों की नियमित समीक्षा एवं फीडबैक लिया जाता है, इसलिए शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। यदि किसी मामले में फर्जी निस्तारण पाया गया तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लेखपालों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में दिग्गी पिटवाकर ग्रामीणों को सूचना दें, उनकी समस्याएं सुनें और गंभीर मामलों से तत्काल उपजिलाधिकारी को अवगत कराएं।

Post a Comment

0 Comments