Ticker

6/recent/ticker-posts

दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी पर जानलेवा हमला, आरोपी पति हुआ फरार...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उमरपुर गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट कर ब्लेड से गला काटने का मामला सामने आया है। घायल महिला का इलाज प्रयागराज के पूरामुफ्ती स्थित बालाजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। पीड़िता रोशनी देवी पत्नी इंद्रजीत के अनुसार, उसकी शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दहेज में दो लाख रुपये लाने की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करता रहा है। मांग पूरी न होने पर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। पीड़िता का आरोप है कि 11 अगस्त की शाम करीब पांच बजे उसका पति घर आया और दहेज की मांग को लेकर गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट कर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद धारदार ब्लेड से उसका गला काट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई।

आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद पति मौके से फरार हो गया। ससुराल पक्ष के लोग घायल महिला को पूरामुफ्ती स्थित बालाजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वहां से चले गए। फिलहाल पीड़िता का इलाज उसके मायके पक्ष के लोग करा रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की गुहार लगाई है। मामले में अब पुलिस की कार्यवाही का इंतजार है।

Post a Comment

0 Comments