रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : कोखराज और मंझनपुर थाना क्षेत्र में छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक आरोपी को कोखराज पुलिस ने शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, छीनी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद होने की पुलिस ने जानकारी दी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को कोखराज थाना क्षेत्र के सिंधिया स्थित काली माता मंदिर निवासी स्नेहलता मिश्रा रसूलपुर तिराहे की ओर जा रही थीं। द्विवेदी गेस्ट हाउस बैरहना तिराहे के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने पीछे से उनके गले में पहनी पीली धातु की चेन खींच ली और फरार हो गए थे। मामले में कोखराज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जिल्लापर पुल के नीचे नौढ़िया मार्ग पर एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बाइक कच्चे रास्ते पर मोड़कर भागने लगा और फिसलकर गिर गया। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी की पहचान फैजान पुत्र स्वर्गीय कमालुद्दीन निवासी नई बस्ती, भारतगंज, थाना मांडा, प्रयागराज, हाल पता गुरु कृपा भोजनालय, मुंडेरा, थाना धूमनगंज, प्रयागराज के रूप में की है। उसके पास से तमंचा, कारतूस, छीनी गई चेन और मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने 10 अगस्त की चेन छिनैती के अलावा 7 अगस्त को मंझनपुर थाना क्षेत्र में ससुर खदेरी नहर पुल के पास महिला से मोबाइल छीनने की घटना में भी शामिल होना बताया है।
पुलिस के मुताबिक मोबाइल उसके साथी के पास है। आरोपी के खिलाफ कोखराज थाने में छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसका पूर्व आपराधिक इतिहास भी बताया है, जिसमें धूमनगंज थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और चोरी समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आरोपी के साथी की तलाश और आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
0 Comments