Ticker

6/recent/ticker-posts

थाने के पास से अगवा किए गए युवक की हत्या, आरोपियों ने यमुना नदी में फेंका शव...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में छह दिन पहले थाने के पास से अगवा किए गए युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, कार सवार आरोपियों ने युवक को अगवा करने के बाद कौशाम्बी ले जाकर पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को यमुना नदी में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने युवक के छोटे भाई के ससुर और उसके एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ में हत्या की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है। फिलहाल यमुना में शव की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कौशाम्बी के महगांव निवासी मोनू कुशवाहा ड्राइविंग का काम करता था। उसका छोटा भाई राजकुमार करीब एक महीने पहले कौशाम्बी के कूरा गांव की रहने वाली अनुराधा से प्रेम विवाह किया था। अनुराधा की यह दूसरी शादी थी।

बीते दिनों 10 अगस्त को घर में मिला था अनुराधा का शव...

बतादें कि बीते दिनों 10 अगस्त को अनुराधा का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में संदीपन घाट पुलिस ने राजकुमार और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मोनू फरार चल रहा था।

मोनू कुशवाहा का 20 अगस्त को थाने के पास से हुआ अपहरण...

बताया गया कि 20 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे मोनू पूरामुफ्ती थाने के पास कुशवाहा स्वीट हाउस के समीप मौजूद था। इसी दौरान एक क्रेटा कार वहां पहुंची। आरोप है कि कार सवार लोगों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर जबरन कार में बैठाकर उसे अपने साथ ले गए। परिजनों के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि कार सवार लोगों ने मोनू से कुछ देर बातचीत की और इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने पुलिस को सूचना दी और उसकी तलाश की मांग की।

बेटी की मौत का बदला लेने का आरोप...

पूरामुफ्ती थाना प्रभारी शांतनु सिंह के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि नेम कुमार ने अपनी बेटी की मौत का बदला लेने के लिए अपने भतीजे पुनीत के साथ मिलकर मोनू का अपहरण किया। आरोपियों के मुताबिक, मोनू को क्रेटा कार से कौशाम्बी के महिला घाट ले जाया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने वहां सुनसान स्थान पर मोनू को कार से उतारकर डंडे और पटरे से पीटा। इसी दौरान सिर पर गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को यमुना नदी में फेंकने की बात आरोपियों ने पूछताछ में बताई है।

पुलिस को मिली अपहरण में प्रयोग की गई कार...

मामले की जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास मोनू के छोटे भाई के ससुर की कार देखे जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी। परिवार ने भी ससुराल पक्ष के लोगों पर संदेह जताते हुए जांच की मांग की थी। पुलिस ने संदिग्ध क्रेटा कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यमुना नदी में उस स्थान पर मोनू के शव की तलाश की जा रही है, जहां आरोपियों ने शव फेंकने की बात बताई है। शव बरामद होने के बाद ही मामले में आगे की कार्यवाही साक्ष्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments