रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के कोटिया पावर हाउस के पास बुधवार सुबह कुएं में वृद्ध महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मृतका के बेटे हिमांशु पाल ने कुएं में मिले शव की पहचान अपनी मां के रूप में की। मृतका की पहचान राजकुमारी पत्नी राम लखन पाल (70), निवासी कोटिया गांव के रूप में हुई। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कुएं से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार सुबह कुछ लोग कुएं के पास बैठे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं के अंदर पड़ी, जहां वृद्ध महिला का शव दिखाई दिया।
इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। वृद्ध महिला कुएं में किन परिस्थितियों में गिरी, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
0 Comments