Ticker

6/recent/ticker-posts

तेज रफ्तार बुलेट ने मां बेटियों को मारी टक्कर, छह वर्षीय बच्ची की मौत...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी‌ : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के काजीपुर बाजार में मंगलवार शाम तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने बाजार से सामान लेकर घर लौट रही मां और उसकी दो बेटियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए प्रयागराज ले जाते समय छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और आठ माह की बहन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। क्यामुद्दीनपुर गांव निवासी कुसुम देवी पत्नी गणेश प्रसाद अपनी बेटियों संध्या (6) और रीजा (8 माह) के साथ मंगलवार शाम काजीपुर बाजार गई थीं। सामान खरीदने के बाद तीनों जीटी रोड से पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए बुलेट सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां और दोनों बेटियां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया और घटना की सूचना संदीपन घाट पुलिस को दी।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज भेजा। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में छह वर्षीय संध्या ने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं कुसुम देवी और आठ माह की रीजा का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मृत बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments