Ticker

6/recent/ticker-posts

ड्यूटी के दौरान महिला कांस्टेबल को लगी गोली, मौत से मचा हड़कंप...

रिपोर्ट-संदीप कुमार 

कौशाम्बी : मंझनपुर स्थित महिला थाना में मंगलवार को पहरा ड्यूटी के दौरान महिला आरक्षी प्रियंका यादव को सरकारी राइफल से गोली लग गई। गोली चलने की आवाज से थाने में हड़कंप मच गया। साथी पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में घायल महिला कांस्टेबल को जिला अस्पताल मंझनपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण प्रजापत समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। फील्ड यूनिट और पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि 08 सितंबर 2026 को महिला थाना पर नियुक्त महिला आरक्षी प्रियंका यादव पहरा ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान सरकारी शस्त्र (राइफल) से गोली लगने की घटना हुई। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी के मुताबिक घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी मंझनपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि प्रियंका यादव मूल रूप से गाजीपुर जिले की रहने वाली थीं और वर्ष 2025 बैच में महिला कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुई थीं। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन गाजीपुर से कौशाम्बी के लिए रवाना हो गए।

Post a Comment

0 Comments