Ticker

6/recent/ticker-posts

अरमान हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के तिल्हापुर मोड़ के पास स्थित अरमान हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मृतका के पति ने अस्पताल संचालक डॉ. निसार अहमद सिद्दीकी और अस्पताल के स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना पिपरी पुलिस और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से करते हुए निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। जानकारी के अनुसार, कौशाम्बी जिले के चरवा थाना क्षेत्र के सैय्यद सरावां अंतर्गत कुंडापुर गांव निवासी विजेंद्र प्रताप की पत्नी सुमिला देवी को बुखार आने पर 20 अक्टूबर 2026 की शाम करीब सात बजे तिल्हापुर मोड़ स्थित अरमान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पीड़ित का आरोप है कि अस्पताल संचालक डॉ. निसार अहमद सिद्दीकी की देखरेख में इलाज शुरू किया गया और मरीज के ठीक होने का भरोसा दिलाया गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, अगले दिन 21 अक्टूबर को सुबह 10:48 बजे मरीज की जांच की गई, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि इसके बावजूद समुचित इलाज नहीं किया गया और उपचार से संबंधित कोई पर्चा भी तैयार नहीं किया गया। पीड़ित का दावा है कि चिकित्सक और अस्पताल के कर्मचारियों की कथित लापरवाही के कारण उसी दिन शाम करीब सात बजे उसकी पत्नी की मौत हो गई।

विरोध करने पर धमकी देने का आरोप...

बृजेंद्र प्रताप का आरोप है कि पत्नी की मौत के बाद जब उन्होंने विरोध किया तो अस्पताल संचालक ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़ित ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल...

शिकायत में अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि अस्पताल को पहले भी कई बार सील किया जा चुका है और संचालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी है। ऐसे में अस्पताल के दोबारा संचालित होने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

फिलहाल, पीड़ित ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने तथा अपनी पत्नी की मौत के मामले में न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक कार्यवाही एवं जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments