Ticker

6/recent/ticker-posts

स्नातक एमएलसी चुनाव में चरखारी में 58.4 प्रतिशत मतदान, 866 मतदाताओं ने डाले वोट...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 
 
महोबा : इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में शुक्रवार को चरखारी तहसील परिसर में बनाए गए दो मतदान केंद्रों पर कुल 58.4 प्रतिशत मतदान हुआ। क्षेत्र के कुल 1,483 पंजीकृत स्नातक मतदाताओं में से 866 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को लेकर सुबह से ही तहसील परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले। मतदान के दौरान पहले बूथ पर 470 और दूसरे बूथ पर 396 मतदाताओं ने वोट डाले। इस तरह दोनों बूथों पर कुल 866 मतदाताओं ने मतदान किया। इलाहाबाद-झांसी खंड के अंतर्गत आने वाले सभी 10 जिलों में कुल 2,64,233 मतदाता पंजीकृत हैं। चुनाव में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी प्रमुख दलों के रूप में सक्रिय रहीं। दोनों दलों के समर्थकों ने तहसील परिसर के बाहर अपने-अपने पंडाल लगाए और मतदाताओं से संपर्क किया।

समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान कराने के लिए सपा नेता शिवपाल यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष न्याज अहमद खां, चतुर सिंह पटेल, मानगिरि गोस्वामी, दिनेश राजपूत, हाजी ताजुद्दीन, रामराजा तिवारी, बसंत राजपूत सहित अन्य समर्थक मौजूद रहे। वहीं, भाजपा के पंडाल में एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, नगर अध्यक्ष इंजीनियर अमित पटैरिया, शशिकांत शर्मा, हरिहर मिश्रा, योगेश मिश्रा, नीरज गुप्ता और अनिल सोनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक उपस्थित रहे।

मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसडीएम चरखारी अवनीश कुमार तिवारी, तहसीलदार आरएन मिश्रा और थानाध्यक्ष राहुल मिश्रा पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।

Post a Comment

0 Comments