रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजीहनी खालसा पुरवा में गुरुवार शाम छेड़खानी के शक में युवक रवींद्र कुमार की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में लाला राम और विमला देवी शामिल हैं। बताया गया कि गुरुवार शाम रवींद्र कुमार को उसके पड़ोसी मूलचंद, लाला, सोनू, मोनू समेत अन्य लोगों ने छेड़खानी के शक में लाठी-डंडों से जमकर पीटा था। गंभीर रूप से घायल रवींद्र की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाईं। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने छेड़खानी के विरोध में रवींद्र के साथ मारपीट किए जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल बताए जा रहे तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बनाए हुए है।
0 Comments