Ticker

6/recent/ticker-posts

एमवीआईईटी में गूंजा मिसाइल मैन का संदेश, विद्यार्थियों को मिली सफलता की सीख...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर मधू वाचस्पति इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमवीआईईटी) में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने डॉ. कलाम के संघर्षपूर्ण जीवन, वैज्ञानिक उपलब्धियों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. एसपी गौतम ने कहा कि डॉ. कलाम के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में इन मूल्यों को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। संस्थान के डीन डॉ. अजय सिंह ने डॉ. कलाम के संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साधारण परिस्थितियों से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा प्रत्येक विद्यार्थी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विद्यार्थियों से चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें अपनी प्रतिभा और क्षमता साबित करने का अवसर मानने की अपील की।

वहीं, एमवीएसएम के निदेशक डॉ. दिवाकर त्रिपाठी ने डॉ. कलाम की दूरदर्शिता, अनुशासन और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन के माध्यम से युवा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इंजी. शिवा नारायण ने डॉ. कलाम के वैज्ञानिक योगदान और भारत की सामरिक शक्ति को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति और देशभक्ति से भारत को रक्षा एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर बीटेक एआईएमएल की छात्रा मोनी साहू ने डॉ. कलाम के प्रेरक विचार साझा करते हुए कहा, “सपने वो नहीं होते जो सोते समय देखे जाते हैं, सपने वो होते हैं जो आपको सोने नहीं देते।” उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने की सीख देता है। कार्यक्रम में इंजी. कुलदीप पटेल, इंजी. कमलेश द्विवेदी, पूर्णिमा प्रजापति, इंजी. एजाज अहमद, इंजी. हुमा बानो, प्रदीप मिश्रा, इंजी. प्रदीप यादव, डॉ. गरिमा सहित संस्थान के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments