Ticker

6/recent/ticker-posts

दुर्गा पंडाल की दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों रुपये चोरी, छप्पन भोग कार्यक्रम के बाद वारदात...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज चौकी अंतर्गत महगांव में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने दुर्गा पंडाल की दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों रुपये चोरी कर लिए। रविवार की सुबह दान पेटी टूटी मिलने पर चोरी की जानकारी हुई। घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मिली जानकारी के अनुसार, कसिया रोड पर नवरात्र के पावन अवसर पर माता रानी की विशाल प्रतिमा स्थापित कर भव्य पंडाल सजाया गया है। यहां शनिवार की रात छप्पन भोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब दो बजे तक अधिकांश लोग अपने घर लौट गए थे। पंडाल में दो-तीन लोग सो रहे थे। बताया जाता है कि रविवार की सुबह जब लोगों की नींद खुली और उन्होंने पंडाल में रखी दान पेटी को देखा तो उसका ताला टूटा हुआ था। दान पेटी में रखी करीब 12 से 13 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद पंडाल में चोरी होने की जानकारी लोगों को हुई।

आयोजन से जुड़े अनिल कुमार केसरवानी ने बताया कि नवरात्र के अवसर पर माता रानी का पंडाल सजाया गया है और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को छप्पन भोग का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। इसी दौरान रात में अज्ञात चोरों ने दान पेटी को निशाना बनाकर नकदी पार कर दी। धार्मिक आयोजन के दौरान हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर चोरी करने वालों का पता लगाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments