Ticker

6/recent/ticker-posts

तेज रफ्तार कार ने ऑटो में मारी टक्कर, मूरतगंज के बलिहावां मोड़ पर हुआ हादसा...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज पुलिस चौकी अंतर्गत बलिहावा मोड़ के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार, चरवा थाना क्षेत्र के निवासी अंकित (22) पुत्र अशोक कुमार और रूपचंद पुत्र मोतीलाल ऑटो से बलिहावा मोड़ पार कर रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर मूरतगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments