Ticker

6/recent/ticker-posts

स्नातक निर्वाचन के मतदान केंद्रों का निरीक्षण, प्रेक्षक ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा‌ : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्नातक निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया एवं मतगणना को सकुशल संपन्न कराने के लिए नियुक्त प्रेक्षक एवं वरिष्ठ प्रशासनिक सेवा के आईएएस अधिकारी गुर्राला श्रीवानिसुलु ने शनिवार को जनपद महोबा के विभिन्न स्नातक निर्वाचन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में प्रेक्षक ने सबसे पहले मतदेय स्थल संख्या 210, तहसील भवन कुलपहाड़ स्थित कार्यालय का निरीक्षण किया। इस बूथ पर कुल 1,377 मतदाता पंजीकृत हैं। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ आदेश सिंह सागर तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रमित सचान मौजूद रहे। प्रेक्षक ने मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने मतदेय स्थल संख्या 211, विकासखंड कार्यालय पनवाड़ी का निरीक्षण किया। यहां निरीक्षण के दौरान संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित तहसीलदार उपस्थित रहे। इस मतदान केंद्र पर कुल 800 मतदाता पंजीकृत हैं।

प्रेक्षक गुर्राला श्रीवानिसुलु ने दोनों मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

Post a Comment

0 Comments