रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रभाष कुमार की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पुराने मामलों को प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार शीघ्र निस्तारित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली, भूमि संबंधी विवादों तथा अन्य राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाया जाए, जिससे आम नागरिकों को सरकारी कार्यों के लिए अनावश्यक दौड़भाग न करनी पड़े। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा राजस्व मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित राजस्व अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments