रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के अषाढ़ा गांव निवासी 38 वर्षीय ट्रक चालक मोहम्मद वैश की महाराष्ट्र के नागपुर में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और दो बेटों समेत पांच मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के मुताबिक, मोहम्मद वैश पेशे से ट्रक चालक थे। वह ट्रक में सामान लादकर कौशाम्बी लौट रहे थे। सोमवार शाम वह नागपुर स्थित एक धर्मकांटे पर पहुंचे थे। बताया जाता है कि उन्होंने ट्रक खड़ा किया और कुछ सामान लेने के लिए नीचे उतर गए। इसी दौरान पीछे से एक कंटेनर चालक अपना वाहन बैक कर रहा था। कंटेनर चालक को पीछे खड़े मोहम्मद वैश दिखाई नहीं दिए और वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़े और कंटेनर का पहिया उनके पैर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद वैश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। उनके साथ काम करने वाले मौसी के बेटे ने परिजनों को हादसे की सूचना दी।
मृतक के छोटे भाई सुऐब अहमद ने बताया कि सोमवार शाम को मोहम्मद वैश की पत्नी तनुजा बेगम से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने मंगलवार को घर पहुंचने की बात कही थी। परिवार को उनके सुरक्षित लौटने का इंतजार था, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर आ गई। मोहम्मद वैश परिवार के सबसे बड़े बेटे थे। उनकी मौत से पत्नी तनुजा बेगम के साथ बूढ़े माता-पिता और पांच मासूम बच्चों के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं पत्नी ने अपना जीवनसाथी और माता-पिता ने बुढ़ापे का सहारा खो दिया। हादसे की खबर के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
0 Comments