Ticker

6/recent/ticker-posts

मंदरी गांव में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, पुलिस ने लिखापढ़ी कर भेजा जेल...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मंदरी गांव में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमन कुमार उर्फ भैयालाल पासी (31) पुत्र स्वर्गीय राम मनोहर निवासी मंदरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर को मंदरी गांव में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 5 और 6 नवंबर की दरमियानी रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर पति ने सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 7 नवंबर को रेलवे डीएफसी लाइन के डाट पुल के पास मंदरी गांव से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सिलबट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी शान्तनु सिंह, उपनिरीक्षक हंसराज सिंह, कांस्टेबल जसवन्त कुमार यादव, यज्ञनेश कुमार और गुलशन कुमार शामिल रहे।  पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है। घटना और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।

Post a Comment

0 Comments